
देवघर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमिटी के तत्वावधान में खिजुरिया स्थित एक विवाह भवन के सभागार में बूथ एजेंट और बीएलए-2 सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सह बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने की।

प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे बूथ कमेटी के सदस्य, बीएलए-2 सदस्य, विभिन्न विंगों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखने को मिली।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बूथ एजेंटों और बीएलए-2 सदस्यों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी के सदस्यों को पंचायत समिति के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। वहीं बीएलए-2 की जिम्मेदारी है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है और यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी योग्य व्यक्ति का नाम छूटने न पाए।
राज्य के मंत्री हफीजुल हुसैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से संबंधित गतिविधियों पर पैनी नजर रखनी चाहिए। यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है तो इसकी सूचना तुरंत बूथ कमेटी को दें, ताकि संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।

सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल बनाए रखने और सभी महत्वपूर्ण सूचनाओं को पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका या सूचना मिलने पर वरिष्ठ नेताओं से तुरंत संपर्क करें।
वरिष्ठ नेता सुरेश साह ने कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए तन-मन से जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पार्टी नेत्री सह डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, परिमल सिंह, दिलावर हुसैन, नर्सिंग मुर्मू, अब्दुल मतीन, प्रदीप चौधरी, नंदकिशोर दास, ललन मंडल, राहुल चंद्रवंशी समेत सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित।
