झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा! सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार के महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) राजीव रंजन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार उन्होंने अपना इस्तीफा राज्य के मुख्य सचिव को भेज दिया है। हालांकि अब तक सरकार की ओर से उनके इस्तीफे को स्वीकार किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


राजीव रंजन झारखंड हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और उन्हें 7 फरवरी 2020 को राज्य का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। महाधिवक्ता कार्यालय से जुड़े सूत्रों ने उनके इस्तीफे की पुष्टि की है, लेकिन इस्तीफे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।


सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान सरकार के पहले कार्यकाल में उनकी नियुक्ति हुई थी, लेकिन दूसरे कार्यकाल में महाधिवक्ता पद पर उनकी पुनर्नियुक्ति को लेकर कोई अलग आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया था। इसके बावजूद वे लगातार राज्य सरकार के महाधिवक्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे।


इधर, सत्ता और प्रशासनिक गलियारों में उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है कि राजीव रंजन अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कानूनी सेवाओं का विस्तार करना चाहते हैं और सुप्रीम कोर्ट में सक्रिय प्रैक्टिस करने की तैयारी में हैं। जानकारी यह भी है कि उन्होंने दिल्ली में अपना कार्यालय भी स्थापित कर लिया है।


फिलहाल सभी की निगाहें राज्य सरकार के अगले कदम और नए महाधिवक्ता की नियुक्ति पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply