
रांची: झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। संसद भवन में आयोजित समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में बैद्यनाथ राम ने इसे अपने सार्वजनिक जीवन का ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह राज्यसभा में झारखंड के हितों को मजबूती से उठाएंगे। विशेष रूप से दलित, आदिवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों और समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन के सामने रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दे उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे।
बैद्यनाथ राम ने कहा कि राज्यसभा की यह जिम्मेदारी केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड की जनता के विश्वास और उम्मीदों का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य और समाज के हित में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
शपथ ग्रहण के बाद उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और परिवार के सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

