Durand Cup 2026 Ranchi: पहली बार रांची में होगा डूरंड कप, बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से मुकाबले

Spread the love

रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप की मेज़बानी करने जा रही है। डूरंड कप के 135वें संस्करण में रांची को मेज़बान शहर के रूप में शामिल किया गया है, जिसे राज्य के खेल इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


टूर्नामेंट की शुरुआत 25 जुलाई 2026 से होगी, जबकि रांची में मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले जाएंगे। यहां लीग चरण के कई रोमांचक मुकाबलों के साथ एक क्वार्टर फाइनल मैच भी आयोजित किया जाएगा।

रांची में होने वाले मुकाबलों में जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली और भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम सहित कई मजबूत टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं, श्रीलंका सशस्त्र बलों की टीम डिफेंडर्स एफसी पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेगी।


इस वर्ष डूरंड कप में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी सहित पांच शहरों में आयोजित होंगे। रांची को मेज़बानी मिलना झारखंड में फुटबॉल के विकास और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 अगस्त 2026 को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा।


डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। भारतीय सेना द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता देश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करती है। रांची में इस प्रतिष्ठित आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और राज्य में फुटबॉल के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ेगा।

Leave a Reply