
रांची: झारखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद सभी विभागों से रिक्त पदों का अद्यतन विवरण मांगा गया है, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों में खाली पदों पर पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से नियुक्तियां करना है। इसके लिए विभागवार रिक्तियों का अंतिम आकलन किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करीब 25 हजार सरकारी नियुक्तियों की घोषणा कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। विभागवार पदों, भर्ती प्रक्रिया और विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी जल्द जारी होने की संभावना है।