
रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आज, 1 अक्टूबर से जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 की शुरुआत हो रही है। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई (Junior Chamber International) की ओर से आयोजित यह सात दिवसीय भव्य व्यापार मेला 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है। मेले में देश के विभिन्न शहरों से आए व्यापारियों, बड़े ब्रांड्स और स्टार्टअप्स के कुल 400 स्टॉल लगाए जाएंगे।
30 सितंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस बार एक्सपो में बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप्स, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स समेत कई तरह के उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रूप से पिंक हैंगर बनाया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और व्यवसाय को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष एम्यूजमेंट पार्क और तरह-तरह के झूलों की व्यवस्था की गई है।
एक्सपो उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 1 अक्टूबर को बच्चों के लिए जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें बच्चे विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करेंगे और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला का आयोजन होगा। वहीं, 3 अक्टूबर को डॉग शो और वॉइस ऑफ एक्सपो, 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, 7 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और बुटीक एक्सपो फैशन शो का आयोजन होगा।
इस बार एक्सपो में डिजिटल सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आगंतुक क्यूआर कोड के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे और प्रवेश टिकट भी बुक कर सकेंगे।
रांचीवासियों के लिए 3 अक्टूबर को विशेष नाइट मार्केट का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रात 9 बजे से 12 बजे तक सभी स्टॉल खुले रहेंगे। साथ ही, लाइव बैंड की प्रस्तुति भी होगी। वहीं, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे।
एक्सपो उत्सव 2026 के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय के रूप में जुड़े हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम समेत कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्सपो के संयोजक जेसी सिद्धार्थ चौधरी, रांची चैप्टर के मीडिया प्रभारी जेसी रवि सामोता, अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, एक्सपो ट्रेजरर जेसी सीए दीपक पटेल, जेसी ऋषभ जालान और उपाध्यक्ष बिजनेस जेसी अनिमेश निखिल समेत संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे।
जेसीआई की ओर से आयोजित एक्सपो उत्सव 2026 का उद्देश्य व्यापार, उद्यमिता और स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ रांचीवासियों को खरीदारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एक खास अनुभव देना है। 1 से 7 अक्टूबर तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले इस मेले में शहरवासियों के लिए कई आकर्षण मौजूद रहेंगे।
