रांची में 70 फीट ऊंचा दुर्गा पूजा पंडाल, 17 अक्टूबर से होंगे भव्य आयोजन

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के चुटिया में श्री स्वर्णकार दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस बार श्रद्धालुओं के लिए सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर 70 फीट ऊंचा और 45 फीट चौड़ा आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल के साथ पांच भव्य तोरण द्वार भी बनाए गए हैं। कोलकाता के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा तैयार किए जा रहे इस पंडाल में कलात्मक डिजाइन और बारीक कारीगरी देखने को मिलेगी।

समिति के अनुसार, मां दुर्गा की 11 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार राम पाल द्वारा किया गया है। पंडाल और प्रतिमा निर्माण में करोड़ों रुपये की लागत आई है। इस आयोजन के लिए धन संग्रह समिति के पदाधिकारियों और स्वर्णकार दुकानदारों के सहयोग से किया जा रहा है। वहीं, कोलकाता के कारीगरों द्वारा की गई विशेष विद्युत साज-सज्जा इस बार पूजा का मुख्य आकर्षण रहेगी।

17 अक्टूबर से होंगे विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

श्री स्वर्णकार दुर्गा पूजा समिति की ओर से 17 अक्टूबर से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 17 अक्टूबर को डांडिया नाइट से होगी। इसके बाद 18 अक्टूबर को मंगला आरती, 19 अक्टूबर को भजन संध्या और 20 अक्टूबर को गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।

पूजा के दौरान प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात्रि तक श्रद्धालुओं के लिए महाभोग की व्यवस्था रहेगी। वहीं, 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे मां दुर्गा की विदाई एवं विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी, जो सुजाता होते हुए रांची झील की ओर जाएगी।

201 पदाधिकारी संभालेंगे पूजा की व्यवस्था

पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन में 201 पदाधिकारी पूजा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी हैं, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में डॉ. प्रेम कुमार और शंभू प्रसाद जिम्मेदारी संभालेंगे। अनूप वर्मा कोषाध्यक्ष, पंकज प्रसाद प्रधान महासचिव और संजय कुमार मीडिया प्रभारी की भूमिका निभाएंगे।

इसके अलावा समिति में 21 उपाध्यक्ष और 21 महासचिव नियुक्त किए गए हैं। सौरभ कुमार वर्मा के नेतृत्व में 101 युवा सचिव भी आयोजन में सक्रिय सहयोग करेंगे। समिति के संरक्षकों में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार, सुरेश प्रसाद साहू, रविन्द्र लाल, संतोष कुमार सिन्हा, पवन रंजन खत्री और डॉ. प्रदीप कुमार सहित कुल 25 संरक्षक शामिल हैं।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

श्री स्वर्णकार दुर्गा पूजा समिति ने चुटिया, रांची सहित पूरे झारखंड के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना करने की अपील की है। समिति का उद्देश्य भव्य धार्मिक आयोजन के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply