
रांची: रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (RGTA) एवं झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को राज्यसभा सांसद महुआ माजी से उनके आवास पर मुलाकात कर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि रांची शहर में छोटे व्यवसायिक मालवाहकों, विशेषकर मालवाहक ऑटो के परिचालन पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तथा शाम 5 बजे से 7 बजे तक लगाए गए प्रतिबंध के कारण ट्रांसपोर्ट व्यवसाय गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। इससे ऑटो चालक एवं वाहन मालिकों की आय पर असर पड़ रहा है, वाहन ऋण की किस्तें चुकाना मुश्किल हो गया है तथा व्यवसायियों तक समय पर माल नहीं पहुंच पा रहा है। परिवहन लागत बढ़ने के कारण कई डिपो अन्य राज्यों में स्थानांतरित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं।

सांसद महुआ माजी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए रांची के यातायात पुलिस निरीक्षक से दूरभाष पर संपर्क किया और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। यातायात पुलिस निरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को 6 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे अपने कार्यालय में चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण परिवहन व्यवसाय की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं किया गया है। साथ ही लाभुकों को अब तक यह स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है कि ट्रांसपोर्ट नगर का आवंटन किसे और कब किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उद्घाटन के लगभग दो वर्ष बाद भी इस परियोजना पर स्पष्ट प्रगति नहीं हुई है।

इस पर सांसद महुआ माजी ने संबंधित विभाग से बातचीत कर मामले के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के महामंत्री विक्रम सिंह, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, सचिव रविंद्र दुबे, उपाध्यक्ष उदय सिंह, संगठन मंत्री दीपक सिंह, पूर्व अध्यक्ष सुनील सिंह चौहान, पूर्व सचिव रंजीत तिवारी, मीडिया प्रभारी विकास मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

