मगध परियोजना में 3 बच्चों की मौत पर आंदोलन, देवेंद्र नाथ महतो हिरासत में

Spread the love

लातेहार: मगध परियोजना, सीसीएल लातेहार क्षेत्र में तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं आंदोलनकारी नेता देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस प्रशासन ने रविवार शाम हिरासत में ले लिया।


जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी द्वारिका गोंझू के तीन बच्चे—माही, दीपिका और आर्यन—की शुक्रवार को अवैध उत्खनन से बने जलाशय में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतक परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो आंदोलन कर रहे थे।


बताया जा रहा है कि वे पिछले 48 घंटों से कंपनी के परिवहन कार्य को बाधित करते हुए मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान रविवार शाम करीब 7 बजे पुलिस प्रशासन आंदोलन स्थल पर पहुंचा और उन्हें हिरासत में ले लिया।
देवेंद्र नाथ महतो को हिरासत में लिए जाने की सूचना फैलते ही आंदोलन स्थल पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कुछ समय के लिए वहां तनाव और अफरा-तफरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।


बालूमाथ एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने प्रशासन से देवेंद्र नाथ महतो की शीघ्र और सकुशल रिहाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मृतक परिवार को न्याय और आंदोलनकारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply