
लंदन/रांची। यूनाइटेड किंगडम के शैक्षणिक कार्यक्रमों के तहत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सोमरविल कॉलेज का दौरा किया। कॉलेज परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में सोमरविल कॉलेज की प्रिंसिपल कैथरीन रॉयल ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर आदिवासी कल्याण, सतत विकास, जलवायु कार्रवाई, न्यायसंगत परिवर्तन तथा उच्च शिक्षा तक समान पहुँच के क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के नेतृत्व और कार्यों की सराहना की गई।

दौरे के दौरान ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट की रिसर्च डायरेक्टर एवं स्मिथ स्कूल ऑफ एंटरप्राइज एंड द एनवायरनमेंट की एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. राधिका खोसला ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। संवाद में पर्यावरण नीति, क्लाइमेट एक्शन और सतत विकास जैसे विषयों पर ऑक्सफोर्ड के शोध समुदाय तथा झारखंड सरकार के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

वर्ष 1879 में स्थापित सोमरविल कॉलेज वैश्विक शिक्षा में अग्रणी संस्थानों में शामिल है और महिलाओं की उच्च शिक्षा में ऐतिहासिक भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। कॉलेज के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों में यूनाइटेड किंगडम की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर, भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (मानद उपाधि) तथा भारत की प्रथम महिला विधिवेत्ता कॉर्नेलिया सोराबजी शामिल हैं।

सोमरविल कॉलेज में स्थित ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट की स्थापना वर्ष 2013 में भारत सरकार के सहयोग से हुई थी। यह केंद्र सतत विकास, जलवायु कार्रवाई, सामाजिक न्याय, सुशासन और सार्वजनिक नीति के क्षेत्रों में कार्यरत भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय विद्वानों का सशक्त मंच है। वर्तमान में 40 से अधिक भारतीय विद्वान यहां अध्ययन एवं शोध कर रहे हैं।

स्वागत समारोह में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से जुड़े छात्र, शोधार्थी, भारतीय विद्वान, सिविल सेवक और शोधकर्ता उपस्थित रहे। अनौपचारिक संवाद के दौरान छात्रों और शोधकर्ताओं ने झारखंड सरकार के साथ अधिक सक्रिय सहभागिता में रुचि जताई तथा सार्वजनिक नीति और शासन के झारखंड अनुभवों पर विशेष कार्यशाला आयोजित करने का आमंत्रण भी दिया।

यह दौरा ऑक्सफोर्ड और भारत के बीच ऐतिहासिक शैक्षणिक संबंधों को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर के शोध कार्यों और झारखंड राज्य की विकासात्मक, पर्यावरणीय एवं शासन प्राथमिकताओं के बीच स्पष्ट सामंजस्य को दर्शाता है।




