जामताड़ा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने दी श्रद्धांजलि

Spread the love

जामताड़ा: पद्म भूषण से सम्मानित झारखंड आंदोलन के महानायक एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रवींद्रनाथ महतो ने किया। इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने गुरुजी के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को याद किया।


अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता और पृथक झारखंड राज्य के निर्माण के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा का जीवन आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में आयोजित यह फुटबॉल टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि गुरुजी के आदर्शों और उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, भाईचारे और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं, जो समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक न्याय, जनसेवा और झारखंड के समग्र विकास के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, खेल प्रेमी, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply