
रांची: राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित सांसद बैद्यनाथ राम सोमवार को अपनी पत्नी सीमा राय के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और झारखंड की सुख-समृद्धि तथा राज्य के सर्वांगीण विकास की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बैद्यनाथ राम का भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और झामुमो के नारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। इस दौरान तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जिला कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए बैद्यनाथ राम ने कहा कि मां सोलहभुजी के आशीर्वाद से उन्हें जनता की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनकी प्राथमिकता झारखंड और यहां के लोगों के हितों की रक्षा करना तथा राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य करना होगा।

पत्रकारों से बातचीत में बैद्यनाथ राम ने कहा कि दिउड़ी मंदिर उनकी आस्था का प्रमुख केंद्र है और वे वर्षों से यहां आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद मां के दरबार में आकर आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां से जनता की सेवा करने की शक्ति और सही मार्गदर्शन देने की प्रार्थना की।

सांसद के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। समर्थकों ने कहा कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद बैद्यनाथ राम का सबसे पहले आस्था के केंद्र पहुंचना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
इस अवसर पर दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
