पहली बार रांची में होगा डूरंड कप, झारखंड में फुटबॉल को मिलेगी नई पहचान

Spread the love

रांची: झारखंड की खेल संस्कृति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की मेजबानी करने जा रही है। संभावित रूप से यह टूर्नामेंट 26 जुलाई 2026 से शुरू होगा।


सोमवार को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डूरंड कप के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में स्टेडियम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दर्शकों को बेहतर अनुभव देने की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।


सचिव ने कहा कि रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन झारखंड में फुटबॉल के विकास और खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से भविष्य में रांची में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मुकाबलों की मेजबानी का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

डूरंड कप 2026 का उद्घाटन समारोह खेल, देशभक्ति और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम होगा। समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों के विशेष प्रदर्शन, आर्मी बैंड की प्रस्तुति तथा झारखंड की लोक एवं जनजातीय नृत्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।


बैठक में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निदेशक छवि रंजन, संस्कृति निदेशालय के निदेशक आसिफ एकराम तथा डूरंड कप के नोडल आर्मी अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


सभी हितधारकों ने रांची में आयोजित होने वाले पहले डूरंड कप को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply