
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 1175 ग्रामीणों की जांच की गई। जांच के दौरान 124 लोगों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पोटका के विभिन्न गांवों में पिछले कुछ दिनों में मलेरिया के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अब तक कुल 264 लोग इस बीमारी से प्रभावित हो चुके हैं। इनमें से कई मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि कुछ लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ सान्याल और मच्छरजनित रोग विशेषज्ञ डॉ. सजा सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्वास्थ्य केंद्रों और उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा एमजीएम अस्पताल के प्रशिक्षु डॉक्टरों की टीम को भी गांवों में भेजा गया है, ताकि मरीजों की पहचान और इलाज तेजी से किया जा सके।
इस बीच, मलेरिया नियंत्रण अभियान में लापरवाही के आरोपों को लेकर राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सरायकेला-खरसावां सहित चार जिलों के संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं तथा मच्छरों से बचाव के सभी उपाय अपनाएं।
