सेवा भारती का वार्षिक उत्सव संपन्न, बच्चों ने संस्कृति और संस्कारों का दिया संदेश

Spread the love

रांची: सेवा भारती रांची महानगर भाग-4 के बाल संस्कार केंद्र का वार्षिक उत्सव दो चरणों में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य, संगीत, योग, चित्रकला सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम के प्रथम चरण में पद्मश्री महावीर नायक, वीरेंद्र शर्मा, उमेश प्रसाद, पारस सोनी और अखिलेश मिश्र मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष रूप से जादूगर को आमंत्रित किया गया, जिनके आकर्षक जादुई करतबों ने बच्चों का खूब मनोरंजन किया।
दूसरे चरण में रांची की महापौर रोशनी खलखो मुख्य अतिथि एवं हटिया विधायक सह भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल वरिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए। सेवा भारती के ट्रस्टी गुरु शरण प्रसाद भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।


महापौर रोशनी खलखो ने बच्चों को देश का उज्ज्वल भविष्य बताते हुए सेवा भारती के सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास और संस्कार निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं विधायक नवीन जायसवाल ने बच्चों को पारिवारिक मूल्यों, अनुशासन और शिक्षा का महत्व बताते हुए खेलकूद के साथ पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी।


समारोह के अंत में वर्षभर एवं वार्षिक उत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेवा भारती के प्रांत अध्यक्ष गिरीश मल्होत्रा, नगर अध्यक्ष चंद्रकांत राय पत्र, भाग-4 अध्यक्ष उमा शंकर शर्मा, कोषाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव तथा सचिव विनय लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में रामाकांत दुबे ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और बच्चों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply