
रांची: सावन माह में दलमा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से प्रवेश शुल्क नहीं लेने की मांग को लेकर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने बुधवार को झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से उनके रांची स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर श्रद्धालुओं के हित में आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में विधायक मंगल कालिंदी ने बताया कि दलमा स्थित प्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिर में सावन माह के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी हजारों की संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी उन्होंने मंदिर प्रबंधन द्वारा वसूले जा रहे प्रवेश शुल्क को समाप्त करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद सावन माह में श्रद्धालुओं से कोई शुल्क नहीं लिया गया था। इस वर्ष भी उन्होंने पर्यटन मंत्री से अनुरोध किया है कि सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
विधायक ने उम्मीद जताई कि सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए जल्द ही आवश्यक आदेश जारी करेगी, जिससे सावन माह में बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को राहत मिल सके।