
रांची: झारखंड सरकार द्वारा JSSC और JPSC की दर्जनों परीक्षाओं को रद्द किए जाने की घोषणा के बाद चयनित होकर सरकारी सेवा में कार्यरत हजारों कर्मचारियों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार को बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी कर्मचारी सोमवार देर रात से ही प्रोजेक्ट भवन के बाहर डटे हुए हैं। अब राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित कर्मचारियों का भी उन्हें समर्थन मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि परीक्षाओं के माध्यम से चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में परीक्षाओं को रद्द किए जाने के फैसले से उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

बुधवार को कर्मचारी प्रोजेक्ट भवन के गेट के पास बैठकर नारेबाजी करते नजर आए। लगातार बारिश के बावजूद प्रदर्शन जारी है। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार उनके मामले पर गंभीरता से विचार करे और ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे पहले से चयनित होकर सरकारी कार्य कर रहे कर्मचारियों के भविष्य पर संकट न आए।
प्रदर्शन के कारण प्रोजेक्ट भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। कर्मचारियों के आंदोलन को अलग-अलग जिलों से मिल रहे समर्थन के बीच आने वाले समय में यह प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है।