FCRA बिल जल्द पास करने की मांग, सोमा उरांव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न देने की उठाई मांग

Spread the love

रांची। जनजाति सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी एवं मुखिया संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोमा उरांव ने केंद्र सरकार से लोकसभा में एफसीआरए (FCRA) बिल जल्द पास कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून नहीं बनने के कारण देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के गांवों में धर्मांतरण और चंगाई सभाओं की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

सोमा उरांव ने अपने प्रेस बयान में कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एफसीआरए बिल को जल्द सदन में लाकर पारित किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि धर्मांतरण के कारण कई आदिवासी गांवों की धार्मिक पहचान में बदलाव हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

इसके साथ ही सोमा उरांव ने वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग भी की है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में चुनाव प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का उल्लेख करते हुए ज्ञानेश कुमार के कार्यों को सराहनीय बताया और उनके प्रति अपना पूर्ण समर्थन जताया।

सोमा उरांव ने केंद्र सरकार से दोनों मांगों पर विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि एफसीआरए बिल से संबंधित मांग आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण की गतिविधियों को लेकर है, जबकि मुख्य चुनाव आयुक्त को भारत रत्न देने की मांग उनके कार्यों के प्रति सम्मान के रूप में की गई है।

Leave a Reply