
रांची: बरियातू रोड स्थित कोठी नंबर-38, आरोग्य भवन-1 में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान साहित्य सुमन काव्य संग्रह ‘स्वरागिनी’ का भव्य लोकार्पण किया गया। पुस्तक का विमोचन एकल अभियान एवं ग्राम उत्थान योजना के केंद्रीय प्रमुख डॉ. ललन शर्मा ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ललन शर्मा ने कहा कि ‘स्वरागिनी’ में विभिन्न कवयित्रियों की रचनाओं को एक सुंदर माला की तरह पिरोया गया है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी तथा साहित्य के माध्यम से युवाओं तक पहुंचना समय की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुस्तकों के जरिए समाज अपने साहित्यकारों, शिक्षाविदों और कवियों को हमेशा याद रख सकता है।

वहीं, कार्यक्रम में मौजूद डॉ. अनुराधा प्रसाद ने कहा कि ‘स्वरागिनी’ केवल कविता संग्रह नहीं है, बल्कि इसमें लघु कथाएं, कहानियां, लेख और अन्य साहित्यिक विधाओं का भी सुंदर समावेश किया गया है, जो इसे और विशेष बनाता है।
पुस्तक लोकार्पण के बाद आयोजित काव्य गोष्ठी में विभिन्न कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में साहित्यिक वातावरण का सृजन हुआ।
इस अवसर पर डॉ. राजेश प्रसाद, रश्मि सिंह, रेशम पाठक, डॉ. राजश्री राठी, देवेंद्र मिश्रा, जयराज प्रसाद, आकांक्षा राज प्रसाद, संध्या चौधरी, लोक कीर्ति गुप्ता और आरती तिवारी सहित शहर के अनेक साहित्य प्रेमी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
