हेमंत सरकार ने बदला विभागीय समीक्षा बैठकों का शेड्यूल, जुलाई के लिए नई तारीखें जारी

Spread the love

रांची : झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली विभागीय समीक्षा बैठकों के कार्यक्रम में बदलाव किया है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर सचिव अखिलेश कुमार सिन्हा द्वारा नया शेड्यूल जारी किया गया है।

नए कार्यक्रम के अनुसार सभी समीक्षा बैठकें रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित होंगी। बैठकों में संबंधित विभागों के विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। इन बैठकों में विभागों की योजनाओं, कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जारी शेड्यूल के मुताबिक 6 जुलाई को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा होगी। 9 जुलाई को ऊर्जा विभाग, 13 जुलाई को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग और 14 जुलाई को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा 17 जुलाई को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की समीक्षा होगी। 20 जुलाई को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की बैठक निर्धारित की गई है। वहीं 23 जुलाई को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित होगी।

सरकार का उद्देश्य विभागीय कार्यों की प्रगति की निगरानी करना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply