
नई दिल्ली। झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन, वसंत विहार का औचक निरीक्षण कर भवन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेंटेनेंस, हाउसकीपिंग, स्वच्छता, रसोई संचालन तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

उन्होंने अतिथि कक्षों, कॉमन एरिया, रसोईघर और भवन परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छता एवं समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पार्किंग क्षेत्र में लंबे समय से खड़े छह अनुपयोगी वाहनों की शीघ्र नीलामी प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरे बंद पाए जाने पर रेजिडेंट कमिश्नर ने उन्हें तत्काल दुरुस्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में स्थित झारखंड भवन राज्य का प्रतिनिधि संस्थान है और यहां आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

श्री राजकमल ने भवन संचालन में निरंतर सुधार, आधुनिकीकरण और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


