
रांची: राजधानी के प्रमुख जयपाल सिंह स्टेडियम में पिछले कई दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत छात्रों और राज्य सरकार के बीच जारी गतिरोध अब समाप्त होने की उम्मीदें तेज हो गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों के साथ औपचारिक वार्ता करने का सकारात्मक निर्णय लिया है।

सरकार की इस पहल के तहत आधिकारिक वार्ता प्रस्ताव लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) लॉ एंड ऑर्डर सीधे जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों को मुख्यमंत्री के निर्देश से अवगत कराते हुए घोषणा की कि JSSC और JPSC से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार बातचीत के लिए तैयार है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि आज शाम 4:00 बजे राजकीय अतिथि शाला में पांच छात्र प्रतिनिधियों (डेलिगेट) को राज्य सरकार के साथ वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से यह पहल मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद की गई है।

हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार के प्रस्ताव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे बंद कमरे में नहीं, बल्कि खुले मैदान में और सभी छात्रों की मौजूदगी में वार्ता चाहते हैं। छात्रों का कहना है कि बातचीत पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि सभी आंदोलनकारियों के सामने सरकार का पक्ष और उनकी मांगों पर चर्चा हो सके।
फिलहाल वार्ता के स्वरूप को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने का इंतजार है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार और छात्रों के बीच होने वाली बातचीत से आंदोलन का क्या निष्कर्ष निकलता है।
