
रांची: खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कच्छप ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी अधिकारियों के लगातार हो रहे तबादलों और थानों में थानेदारों की पोस्टिंग प्रक्रिया पर नाराजगी जताई है।
विधायक ने आरोप लगाया कि योग्य और ईमानदार आदिवासी अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों से हटाकर लूप लाइन में भेजा जा रहा है, जिससे प्रशासनिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार तबादलों की वजह से विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और प्रशासनिक स्थिरता कमजोर पड़ रही है।
राजेश कच्छप ने थानों में प्रभारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पोस्टिंग में पारदर्शिता की कमी दिखाई दे रही है। योग्य अधिकारियों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गलत प्रशासनिक फैसलों और थानों के रवैये के कारण खिजरी सहित राज्य के कई इलाकों में लोगों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आदिवासी अधिकारियों के साथ न्याय नहीं हुआ और पोस्टिंग प्रक्रिया में सुधार नहीं किया गया, तो वे जनता की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगे।