
नई दिल्ली, 13 अगस्त 2026। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय की गृह पत्रिका ‘सशक्त भारत’ के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ विशेषांक का विमोचन किया।
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक, भाषायी और भौगोलिक विविधता विश्व में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग परंपराओं, जीवन-शैलियों और आस्थाओं के बावजूद देश हमेशा एकता और समरसता की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता की यही भावना भारत की पहचान और सबसे बड़ी शक्ति है।

‘सशक्त भारत’ का नवीनतम अंक ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की व्यापक भावना को समर्पित है। विशेषांक में उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत की भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

‘सशक्त भारत’ रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा, साहित्यिक रुचि और विचारों को अभिव्यक्ति देने वाला महत्वपूर्ण मंच है। राजभाषा प्रभाग, रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रकाशित इस गृह पत्रिका में अधिकारी और कर्मचारी लेख, कविताएं, कहानियां, यात्रा-वृत्तांत सहित विभिन्न विषयों पर अपनी रचनाएं और अनुभव साझा करते हैं।
विमोचन कार्यक्रम में रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।