रांची में रिश्तों का कत्ल! बहू ने ससुर की तकिये से दबाकर की हत्या

Spread the love

रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित विधाननगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बहू पर अपने ही ससुर की तकिये से मुंह दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।


जानकारी के अनुसार, मृतक डॉ. केपी गुप्ता होम्योपैथी के डॉक्टर थे और पिछले कुछ महीनों से पैरालिसिस की वजह से बेड पर थे। बताया जा रहा है कि परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन जब घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।


पुलिस को शुरुआती जांच में घर में लगे CCTV फुटेज और परिवार के सदस्यों के बयान में कई विरोधाभास मिले। इसके बाद पुलिस का शक बहू पर गया। जब CCTV फुटेज की जांच की गई तो पूरा मामला सामने आ गया।


सूत्रों के मुताबिक, आरोपी महिला ने घटना के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की। CCTV कैमरा तोड़ दिया गया, तकिये का खोल धो दिया गया और घटना के समय पहने कपड़े भी साफ कर दिए गए। हालांकि, CCTV फुटेज महिला के पति के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया था, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।


मृतक के दामाद ने बताया कि दोपहर में CCTV बंद दिखाई देने पर परिवार को शक हुआ। जब वे घर पहुंचे तो बुजुर्ग का शव बेड पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में केवल महिला शामिल थी या कोई और भी इसमें शामिल है।

Leave a Reply