
रांची: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष झारखंड के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। सुहर्ष कुमार गुप्ता ने 99.9771 पर्सेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 455 प्राप्त की और झारखंड के स्टेट टॉपर बने।
वहीं राजधानी रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने 99.96 पर्सेंटाइल के साथ 655 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 676 हासिल की। ज्ञानेंद्र के पिता मयंक भूषण गढ़वा में एसडीओ के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका हैं। उन्होंने 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली और 10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव से पूरी की है। उनकी इस सफलता से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
रांची के अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अक्षत प्रेम ने 642 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक 2034, साकिब अहमद ने 640 अंक के साथ रैंक 2282, मयंक कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 3211 तथा सर्वजीत ने रैंक 4271 हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।

इस वर्ष रांची से करीब 10 हजार अभ्यर्थियों ने NEET UG परीक्षा दी थी। सफल छात्रों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर तैयारी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
गौरतलब है कि इस वर्ष NEET UG 2026 का परिणाम पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा आयोजित परीक्षा के पश्चात जारी किया गया है। इसके बावजूद देशभर के लाखों अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और बेहतर प्रदर्शन किया। NTA के अनुसार, इस वर्ष 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं।
अब सफल अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि झारखंड के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य में चिकित्सा शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता, गुणवत्तापूर्ण तैयारी और छात्रों की मेहनत का सकारात्मक संकेत है।