
रांची: 16 जुलाई को होने वाली ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ रथ यात्रा मार्ग एवं मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर से लेकर पूरे रथ यात्रा मार्ग तक सफाई, अतिक्रमण हटाने, पेयजल, मोबाइल शौचालय, बिजली, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। पूरे मार्ग पर नियमित कचरा संग्रहण, फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा 24×7 क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात रहेगी।

इसके अलावा पूरे रथ यात्रा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा और मेला क्षेत्र को “नो प्लास्टिक जोन” घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्ट्रीट लाइट, आश्रय गृह और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।




