डीएसपीएमयू में करम पूर्व संध्या समारोह की तैयारी शुरू, 19 सितंबर को होगा आयोजन

Spread the love

राँची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के अखड़ा में आगामी करम पूर्व संध्या समारोह को लेकर शुक्रवार को पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने की।


बैठक में सर्वसम्मति से 19 सितंबर 2026 को करम पूर्व संध्या समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


समारोह में पारंपरिक खोरहा गीत एवं नृत्य, विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रकृति पूजन मुख्य आकर्षण होंगे। कार्यक्रम स्थल की सजावट और आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया गया।


वहीं, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। गणमान्य अतिथियों की सूची तैयार कर उन्हें आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी शुरू करने पर सहमति बनी।


एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि “करम केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।” उन्होंने सभी सदस्यों से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ समारोह को सफल बनाने की अपील की।


बैठक में समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में आदिवासी छात्र संघ, डीएसपीएमयू के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply