रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक में नगर निगम के नोटिस का विरोध, वैकल्पिक ट्रांसपोर्ट नगर की मांग

Spread the love

रांची: इटकी रोड स्थित रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (RGTA) के कार्यालय में बुधवार को नगर निगम से जुड़े मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा समेत कई पदाधिकारी और ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मौजूद रहे।


बैठक में नगर निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भेजे गए नोटिस पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने नोटिस पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ दिनों के भीतर व्यवसाय बंद कर दूसरी जगह स्थानांतरित होना व्यावहारिक नहीं है।


FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि चैंबर राज्य के सभी व्यवसायियों की चिंताओं को गंभीरता से ले रहा है और हर स्तर पर उनके हितों की रक्षा के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए संबंधित विभागों से लगातार संवाद किया जा रहा है।


बैठक में मौजूद झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के महामंत्री विक्रम सिंह ने भी ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का समर्थन करते हुए कहा कि नगर निगम की कार्रवाई से मजदूर वर्ग भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि आरजीटीए जो भी उचित निर्णय लेगा, यूनियन अपने सदस्यों के साथ उसका समर्थन करेगी।

बैठक में व्यवसायियों ने सरकार से मांग की कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को हटाने से पहले सुविधायुक्त वैकल्पिक ट्रांसपोर्ट नगर उपलब्ध कराया जाए, जहां गोदाम, कार्यालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं मौजूद हों। उनका कहना था कि वर्तमान ट्रांसपोर्ट नगर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की जरूरतों के अनुरूप विकसित नहीं किया गया है और इसकी उपयोगिता भी स्पष्ट नहीं है।


व्यवसायियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक ट्रांसपोर्ट कारोबार के अनुकूल नई व्यवस्था नहीं बनाई जाती, तब तक उन्हें वर्तमान स्थान से हटाने की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
बैठक में आरजीटीए के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, सचिव रविंद्र दुबे, संगठन मंत्री दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी एवं एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply