
रांची: रांची नगर निगम द्वारा जालान रोड स्थित ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को माल की लदाई-उतराई बंद करने संबंधी नोटिस जारी किए जाने के विरोध में रविवार को रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की अध्यक्षता में जालान रोड पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह (राजू) ने की।
कार्यक्रम का आयोजन रांची लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन बिंदुल वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दीपक सिंह ने किया। बैठक में 200 से अधिक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी, मजदूर और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में वक्ताओं ने नगर निगम के उस निर्णय का कड़ा विरोध किया, जिसमें तीन दिनों के बाद जालान रोड पर माल की लदाई-उतराई नहीं होने देने की बात कही गई है। उनका कहना था कि अपर बाजार स्थित जालान रोड राज्यभर में दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति का प्रमुख केंद्र है। यदि यहां ट्रांसपोर्ट संचालन बंद हुआ तो पूरे झारखंड में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होगी और व्यापारिक गतिविधियों पर गंभीर असर पड़ेगा।

बैठक में मौजूद डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि वे व्यवसायिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाले किसी भी निर्णय के खिलाफ उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ व्यापार को सुचारु रूप से चलाना भी जरूरी है।

रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि शहर में ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था अब तक प्रभावी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि जो ट्रांसपोर्ट नगर बनाया गया है, उसका न तो आवंटन हुआ है और न ही वहां से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय संचालित करना व्यावहारिक है। ऐसे में वर्तमान व्यवस्था को समाप्त करना उचित नहीं होगा।
झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन के अध्यक्ष ललित ओझा ने कहा कि जालान रोड स्थित ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठानों से हजारों मजदूरों के परिवारों का भरण-पोषण होता है। यदि मजदूरों के रोजगार पर संकट आया तो यूनियन व्यवसायियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।

बैठक में सर्वसम्मति से नगर निगम से अपना निर्णय वापस लेने की मांग की गई। ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा भी की जाएगी।
बैठक में डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पार्षद सुनील यादव, ललित ओझा, देवेंद्र सिंह, मुकेश अग्रवाल, बिंदुल वर्मा, राजकिशोर सिंह, रविंद्र दुबे, दीपक सिंह सहित कई ट्रांसपोर्ट व्यवसायी, मजदूर नेता और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
