
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से सांप्रदायिक सौहार्द, आपसी सम्मान और भाईचारे की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष रहमान खान को एक मंदिर के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मंदिर समिति द्वारा सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में मंदिर समिति ने रहमान खान के सहयोग और सामाजिक समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र और अंगवस्त्र भेंट किया। यह पहल इस बात का संदेश देती है कि समाज में प्रेम, सहयोग और आपसी सम्मान ही सबसे बड़ी ताकत है।

रहमान खान ने कहा कि सभी धर्म प्रेम, शांति और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे की आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे प्रयास समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं।

यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि भारत की “अनेकता में एकता” की उस परंपरा का प्रतीक है, जो अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को एक सूत्र में बांधती है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द का सकारात्मक संदेश बताया।
यह घटना बताती है कि जब लोग धर्म से ऊपर उठकर मानवता और भाईचारे को प्राथमिकता देते हैं, तब समाज में विश्वास और प्रेम की भावना और अधिक मजबूत होती है।
