
रविवार को डोरंडा कॉलेज, रांची परिसर में “आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र” का उद्घाटन परियोजना निदेशक, झारखण्ड महिला विकास समिति-सह-निदेशक, समाज कल्याण विभाग, श्रीमती किरण पासी (भा.प्र.से.) एवं डोरंडा कॉलेज के प्राचार्य, डॉ. राज कुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती किरण पासी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि —
“आत्मरक्षा सीखना आज के दौर में प्रत्येक बालिका के लिए अत्यंत आवश्यक है। झारखण्ड सरकार राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित करने की दिशा में कार्यरत है ताकि बेटियाँ आत्मनिर्भर बन सकें, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं से बच सकें और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं की रक्षा भी कर सकें।”

उन्होंने जानकारी दी कि इस केन्द्र के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं को निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसका संचालन शिहान रंजीत मेहता (6th DAN Black Belt) के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
कॉलेज के प्राचार्य, डॉ. राज कुमार शर्मा ने कहा —
“यह पहल Social Outreach Programme के अंतर्गत समाज के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डोरंडा कॉलेज सदैव बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए तत्पर रहेगा।”
इस अवसर पर कराटे प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से तैयार “कराटे डोजो कक्ष” का भी उद्घाटन किया गया।
यह कार्यक्रम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत झारखण्ड महिला विकास समिति एवं डोरंडा कॉलेज के संयुक्त प्रयास से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारम्भ किया गया है।




