
Santevita Hospital द्वारा सोमवार को स्वर्गीय रमेश लाल वर्मा की पुण्य स्मृति में एक विशेष चैरिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अस्पताल की कार्यकारी निदेशक रेशमा साहू द्वारा अपने स्वर्गीय पिता की याद में आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल कर्मचारियों के बच्चों के बीच स्कूल बैग, पेंसिल बॉक्स, लंच बॉक्स, पानी की बोतलें, कॉपियाँ सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों को उपहार पैकेट भी दिए गए, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर रेशमा साहू ने कहा कि यह पहल उनके पिता के समाज सेवा के सपनों को आगे बढ़ाने का एक छोटा प्रयास है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान और अभिभावकों की संतुष्टि समाज के प्रति जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अनुशासन के महत्व के बारे में प्रेरित किया गया। साथ ही नियमित पढ़ाई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम संस्थान की सामुदायिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा हैं। वर्ष 2017 से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम हर साल लोगों के बीच और अधिक लोकप्रिय हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में अपनापन और पारिवारिक माहौल देखने को मिला। बच्चों और अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उपस्थित लोगों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।