
रांची: राजधानी रांची में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। एसएसपी राकेश रंजन ने शुक्रवार को सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए स्कूल वाहनों की व्यापक जांच का आदेश दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों का दौरा करेंगे और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों, जैसे बस और टेम्पो की जांच करेंगे। इस दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक की जानकारी, ड्राइवर और हेल्पर के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।
पुलिस यह भी सुनिश्चित करेगी कि सभी ड्राइवर और हेल्पर का वेरिफिकेशन हुआ है या नहीं। जिनका सत्यापन नहीं हुआ है, उनका तत्काल वेरिफिकेशन कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सभी वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को जांच की विस्तृत रिपोर्ट शुक्रवार रात तक एसएसपी कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। पुलिस अब सीधे स्कूलों और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर नजर रखेगी ताकि बच्चों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित सुनिश्चित की जा सके।