JTET परीक्षा को लेकर आदिवासी छात्र संघ का प्रदर्शन, मंत्रियों का पुतला दहन कर जताया विरोध

Spread the love

रांची | 16 अप्रैल 2026 (बृहस्पतिवार): झारखंड में JTET परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने को लेकर अब विरोध तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में आज आदिवासी छात्र संघ, झारखंड के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव के नेतृत्व में राजधानी रांची के बिरसा मुंडा जेल चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया।


प्रदर्शन के दौरान संघ के कार्यकर्ताओं ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
इस मौके पर सुशील उराँव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से JTET परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण झारखंड के हजारों स्थानीय युवा शिक्षक बनने से वंचित रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार स्थानीय युवाओं के रोजगार और भविष्य को नजरअंदाज कर रही है, जो बेहद चिंताजनक है।


उन्होंने आगे कहा कि राज्य में स्थानीय भाषा और नीति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, लेकिन इसके उलट बाहरी भाषाओं को थोपने की कोशिश की जा रही है। संघ ने विशेष रूप से भोजपुरी और मगही भाषाओं को जबरन लागू करने के प्रयासों का विरोध किया।

आदिवासी छात्र संघ ने सरकार से जल्द से जल्द JTET परीक्षा आयोजित करने और स्थानीय नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे राज्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा।


इस प्रदर्शन में आर यू अध्यक्ष मनोज उरांव, छात्र प्रमुख प्रकाश भगत, पीजी छात्र प्रमुख बिरसा उरांव, छात्रा प्रमुख मनीष उरांव, किशून राम, अजय उरांव, राजेश्वर उरांव, अजय टोप्पो, बबलू उरांव, प्रवीण उरांव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply