टेट सफल सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश महासचिव मोहन मंडल ने दिया इस्तीफा, भावुक संदेश जारी

Spread the love

झारखंड में टेट सफल सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश महासचिव रहे मोहन मंडल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण सहायक आचार्य पद पर चयनित होना बताया है।


मोहन मंडल ने संघ के प्रदेश संरक्षक एवं अध्यक्ष को संबोधित पत्र में कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी, समर्पण और संघर्ष के साथ संगठन में अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि संघ के सभी पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड कमेटियों, संकुल स्तर के साथियों, सहायक अध्यापकों, एकीकृत संघ के साथियों और मीडिया बंधुओं का उन्हें हमेशा सहयोग मिला, जिसके लिए वे सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।


उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वेतनमान और स्थायीकरण की लड़ाई को लेकर उन्होंने लगातार संघर्ष किया और कई स्तरों पर सफलता भी मिली। हालांकि उनका सपना था कि झारखंड के सभी टेट पास सहायक अध्यापकों को वेतनमान का लाभ मिले, जो पूरी तरह संभव नहीं हो पाया। इसके लिए उन्होंने अफसोस भी जताया।


मोहन मंडल ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि अब बड़ी संख्या में टेट पास साथी सरकारी शिक्षक बनने की ओर बढ़ रहे हैं, जो खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भविष्य में अन्य सहायक अध्यापकों के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा।


अपने भावुक संदेश में उन्होंने कहा कि उनका मन हमेशा साथियों के साथ रहेगा और जब भी जरूरत पड़ेगी, वे हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हुई किसी भी भूल या किसी को पहुंची ठेस के लिए क्षमा भी मांगी।


इस्तीफे के अंत में मोहन मंडल ने सभी साथियों को जोहार और धन्यवाद देते हुए अपने नए दायित्व की ओर बढ़ने की बात कही।

Leave a Reply