तिरंगा यात्रा में गूँजा देशभक्ति का भाव, राष्ट्रप्रेम से सराबोर हुआ रांची

Spread the love

रांची में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सरला बिरला पब्लिक स्कूल तथा सरला बिरला यूनिवर्सिटी, रांची के संयुक्त तत्वावधान में 14 अगस्त 2026 को आयोजित इस यात्रा में विद्यार्थियों, शिक्षकों और नर्सिंग छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।


सरला बिरला पब्लिक स्कूल, सरला बिरला यूनिवर्सिटी, उत्क्रमित विद्यालय तथा महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी के प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर आरा चौक की ओर आगे बढ़े। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। लहराते तिरंगों और विद्यार्थियों के उत्साह ने यात्रा को राष्ट्रप्रेम और सामूहिक एकता के जीवंत उत्सव में बदल दिया।


कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा और भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनके अलावा सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. जगन्नाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दांडिन, सरला बिरला पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा तथा रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष श्री विनय महतो ‘धीरज’ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ और तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं और समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं।


भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल ध्वज फहराना नहीं, बल्कि नागरिकों में देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना भी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों एवं नागरिकों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में तिरंगा साहस और बलिदान, शांति और सत्य तथा आस्था और प्रगति के संदेश का प्रतीक बना रहा।


तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के अपने दायित्व की याद दिलाई।

Leave a Reply