
रांची में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर उत्पन्न स्थिति पर जिला प्रशासन ने बड़ी बैठक की है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की अस्थायी कमी का मुख्य कारण उपभोक्ताओं द्वारा जरूरत से अधिक ईंधन भरवाना है। लोगों के Panic होकर अधिक मात्रा में पेट्रोल और डीजल स्टोर करने से कई पेट्रोल पंपों पर दबाव बढ़ गया है।

तेल कंपनियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जिला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय बनाए रखा जाएगा।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को जिले में सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम जनता से अपील की कि वे Panic न करें और केवल अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन भरवाएं।

जिला प्रशासन ने कहा कि अनावश्यक स्टॉकिंग से अन्य लोगों को परेशानी हो सकती है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


