
रांची | सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय स्थित दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी, रांची में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) का शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक प्रणाली का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र के कर-कमलों द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मिश्र ने कहा कि HIMS सिस्टम की शुरुआत सीसीएल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से न केवल उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिजनों को समयबद्ध एवं सटीक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
नए HIMS सिस्टम के लागू होने से अब गांधीनगर अस्पताल, सीसीएल की तर्ज पर दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी में भी सीसीएल के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस प्रणाली के माध्यम से मरीजों की केस हिस्ट्री और स्वास्थ्य संबंधी समस्त जानकारियाँ डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेंगी, जिससे भविष्य में बेहतर एवं निरंतर उपचार संभव हो सकेगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार, डॉ. राजीव कुमार जायसवाल, डॉ. भगत, डॉ. सांवली, महाप्रबंधक (स्थापना) श्री संजय कुमार ठाकुर तथा महाप्रबंधक (प्रणाली) श्रीमती विभा उरांव की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजीव जायसवाल ने कहा कि यह पहल सीसीएल कर्मियों को सुरक्षित, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
इसके अलावा डिस्पेंसरी के कर्मचारीगण श्री आमोद प्रसाद, श्रीमती सरिका प्रसाद, श्रीमती कंचन स्नेहलता कुजूर, श्री चम्पा उरांव, श्री रवि प्रधान, श्रीमती संगीता देवी, श्री पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी कर्मियों ने HIMS सिस्टम की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सीसीएल की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।