
रांची: केंद्रीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विरोध जताया है। इसी क्रम में सोमवार को झामुमो रांची जिला एवं महानगर समिति की ओर से राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग की।
झामुमो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि केंद्रीय चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर तथ्य सामने आए हैं। पार्टी के अनुसार, विभिन्न अखबारों, मीडिया रिपोर्टों और आधिकारिक दस्तावेजों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के हालिया फैसलों को लेकर आयोग के अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार लिखित और औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराने की बात सामने आई है।

झामुमो ने इन कथित आपत्तियों और फैसलों को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए कई फैसले एकतरफा और असंवैधानिक हैं। झामुमो ने इन कार्यों का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी और इस्तीफे की मांग की है।
अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन कर जताया विरोध
मुख्य चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में झामुमो के रांची जिला एवं महानगर समिति के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर पुतला दहन किया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
इस मौके पर डॉ. महुआ माजी, मुस्ताक आलम, अन्तु तिर्की, अश्विनी शर्मा, डॉ. हेमलाल कुमार मेहता, समनुर मंसुरी, नयनतारा उरांव, बीरु तिर्की, धर्मेन्द्र सिंह, मनिन्दर सिंह, प्रदीप मिर्धा, विक्रम सिंह, आशुतोष गोस्वामी, जीत गुप्ता, भोलु मलिक, कुदुस अन्सारी, कुलदीपक कुमार, बिश्वास उरांव, अंकिता वर्मा, सुषमा बड़देवा, सुनील साहु, आदम मेण्डु, लालजी रमण, अरुण वर्मा, विष्णु राम और शान्ति तिर्की सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

झामुमो ने चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर अपनी आपत्ति जताते हुए अपनी मांगों को दोहराया। पार्टी ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।