
रांची: राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 30 नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 5 वाहनों को जब्त किया गया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने किया। परिवहन विभाग की टीम ने डीपीएस, केराली स्कूल सहित रांची के विभिन्न विद्यालयों के बाहर जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहन चलाते पाए गए नाबालिगों की जांच की गई और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

नाबालिगों के वाहन चलाने पर प्रशासन की सख्ती
जांच अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले 30 नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 5 वाहनों को जब्त किया गया। अधिकारियों ने नाबालिगों को बताया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है। कम उम्र में वाहन चलाने से न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर कार्रवाई
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की भी जांच की गई। इस दौरान कुछ ऐसे वाहन मिले, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर स्कूल पहुंचाया जा रहा था। जांच में पांच सीट वाले वाहनों में 12 से 14 विद्यार्थियों को बैठाकर घर से स्कूल और स्कूल से घर ले जाने के मामले सामने आए।

इस पर अधिकारियों ने संबंधित वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई।
बुण्डू टोल प्लाजा के पास अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बुण्डू टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जांच की गई। यहां भारी वाहनों द्वारा की जा रही अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने सड़क पर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों की जांच करते हुए चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, स्कूली बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, संबंधित यातायात थाना प्रभारी सहित परिवहन एवं यातायात विभाग के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
जन शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर
रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया है। नागरिक इस नंबर के माध्यम से अपनी शिकायतें प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।