झारखंड बंद का कई जिलों में असर, आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

Spread the love

रांची। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को झारखंड बंद का असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। बोकारो, पलामू, गुमला समेत विभिन्न जिलों में झारखंड आंदोलनकारी, किसान और मजदूर अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने विस्थापन की समस्याओं, कथित भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की है।

बंद के दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को पूरा करने की मांग की। उनकी प्रमुख मांगों में विस्थापितों को उचित मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करना, विस्थापन आयोग का गठन और झारखंड आंदोलनकारियों को समान पेंशन देने की मांग शामिल है। इसके साथ ही आंदोलनकारियों के बेटे-बेटियों को सरकारी नौकरी में सीधी नियुक्ति देने की भी मांग उठाई जा रही है।

वहीं, किसानों की समस्याओं को लेकर भी आंदोलनकारियों ने सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उनकी मांग है कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये पेंशन दी जाए और किसानों का कर्ज माफ किया जाए।

आंदोलनकारियों का कहना है कि इन मांगों को लंबे समय से सरकार के समक्ष उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। आंदोलनकारियों ने सरकार से सभी लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने और समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।

Leave a Reply