
रांची, 11 सितंबर 2026। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में पलाश दीदी कैफ़े का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफ़े सिर्फ झारखंड के पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के हुनर, मेहनत, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देने के बाद ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्थायी स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पलाश के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में पलाश से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता देने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे झारखंड में पलाश दीदी कैफ़े का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।

मंत्री ने कहा कि पलाश दीदी कैफ़े इसी अभियान की एक मजबूत कड़ी है। इससे लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए एक बेहतर मंच भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में पलाश मार्ट की शुरुआत की जाएगी। रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द एक और पलाश दीदी कैफ़े शुरू किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख केंद्रों पर पलाश के ऐसे केंद्रों का विस्तार होने से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और ‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में JSLPS के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित जेएसएलपीएस के कई अधिकारी उपस्थित रहे।