रांची: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रांची और आसपास के इलाकों के प्रमुख जलप्रपातों में जलस्तर और जलधारा का वेग काफी बढ़ गया है। जोन्हा फॉल, हुंडरू फॉल, दशम फॉल, सीता फॉल, रिमिक्स फॉल समेत अन्य जलप्रपातों में उफान की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बारिश के कारण जलप्रपातों में पानी तेज गति से बह रहा है। तेज जलधारा, फिसलन भरी चट्टानें और अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना इन पर्यटन स्थलों को इस समय बेहद जोखिमपूर्ण बना रही है। ऐसे में जलप्रपातों का नजारा आकर्षक होने के बावजूद थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
जलप्रपातों के पास जाने से बचें
जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने पर्यटकों, आगंतुकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जलप्रपातों के खतरनाक हिस्सों में जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

पर्यटकों से मौसम और जलप्रपातों की स्थिति से जुड़ी स्थानीय प्रशासन की सूचनाओं पर नजर रखने की भी अपील की गई है। अत्यधिक बारिश के दौरान जोखिम वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
बोटिंग और नशे से बचने की अपील
प्रशासन ने अत्यधिक बारिश के दौरान बोटिंग नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही नशे की हालत में जलप्रपातों पर जाने या बोटिंग करने से पूरी तरह बचने को कहा गया है।
पर्यटन विभाग के निर्देशों का पालन करने और मौके पर मौजूद पर्यटक मित्रों तथा स्थानीय कर्मियों की बात मानने की अपील भी की गई है।
रांची जिला प्रशासन ने कहा है कि पर्यटकों और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद सुरक्षित दूरी से लें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
