
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा स्थित प्रसिद्ध चुरनी फॉल में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अपने प्रेमी के साथ घूमने गई एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरूप निवासी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट कंपनी में काम करती थी। घटना के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी रफीक अंसारी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे प्रियंका कुमारी अपने प्रेमी रफीक अंसारी के साथ पल्सर बाइक से चुरनी फॉल घूमने पहुंची थी। रफीक अंसारी रामगढ़ जिले के गिद्दी स्थित छपरी बड़काचुंबा का निवासी है और पेंट-चूना का काम करता है। दोनों फॉल घूम रहे थे। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे अचानक प्रियंका को चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
प्रियंका की अचानक तबीयत बिगड़ने से घबराए रफीक अंसारी ने वहां मौजूद अन्य पर्यटकों की मदद ली और उसे फॉल से ऊपर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। हालांकि, आरोप है कि मुख्य मार्ग तक लाने के दौरान ही प्रियंका की मौत हो गई। घटना के बाद रफीक ने फोन कर प्रियंका के परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए। बाद में पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
घटनास्थल अनगड़ा और टाटीसिलवे थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। सूचना मिलने के बाद टाटीसिलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं, पुलिस ने प्रियंका के प्रेमी रफीक अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रियंका की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शुरुआती जांच में कार्डिएक अरेस्ट की आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
