
रांची, 13 सितंबर। सेवा भारती, झारखंड के तत्वावधान में रविवार को पीपी कंपाउंड, मेन रोड स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में ‘सेवा सुरभि’ पत्रिका के 27वें वार्षिक विशेषांक ‘विश्वगुरु भारत’ का भव्य लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची के कार्यकारी कुलपति श्री सारंग मेधेकर ने की। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा सहित मंचासीन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर पत्रिका का अनावरण किया।
अपने संबोधन में सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि “भारत विश्व गुरु था, विश्व गुरु है और सदैव विश्व गुरु रहेगा।” उन्होंने कहा कि सेवा भारती लोगों में सेवा का भाव जगाने के साथ निरंतर समाजसेवा के कार्य कर रही है। कोविड जैसी महामारी और वैश्विक संकट के समय भी भारत ने पूरी दुनिया की मदद की, जो विश्वगुरु के रूप में भारत की भूमिका को दर्शाता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत पम्पा सेन विश्वास एवं 25 सदस्यों द्वारा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन से हुई। इसके बाद बच्चों ने ‘शिव स्तुति’ पर मनमोहक भाव नृत्य प्रस्तुत किया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की अर्चना कुमारी और ऋतिका ने सुमधुर एकल गीत प्रस्तुत कर सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सेवा भारती के कार्यों और पत्रिका पर हुआ वैचारिक मंथन
कार्यक्रम में सेवा भारती के न्यासी श्री चंद्रकांत रायपत ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया और संपादक का विशेष परिचय कराया। प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री अखिलेश्वर नाथ मिश्र ने विषय प्रवेश कराते हुए सेवा भारती के कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।

संत जेवियर कॉलेज के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कमल बोस ने ‘सेवा सुरभि’ के 27वें वार्षिक विशेषांक का साहित्यिक परिचय प्रस्तुत किया।
ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों पर जोर
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री सारंग मेधेकर ने कहा कि सेवा भारती हर भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक चेतना जगाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानवीय, नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ सेवा भाव को भी मजबूत करना जरूरी है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर भारत पुनः विश्वगुरु के शिखर पर स्थापित हो सकता है।
समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप वर्मा ने पत्रिका की संपादक डॉ. सुष्मिता पाण्डेय एवं बाल कलाकारों को सम्मानित किया। वहीं, डॉ. एच. पी. नारायण ने अपने आशीर्वचन में लोगों से सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सेवा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष श्री गिरीश मल्होत्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अनुपमा सिन्हा ने किया।