
रांची, 14 सितंबर 2026: कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता विकसित करना तथा हिंदी के महत्व से उन्हें परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के वरिष्ठ हिंदी शिक्षक श्री अनुज कुमार तिवारी द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियम्दा झा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के साथ-साथ अन्य भाषाओं के प्रति भी सम्मान की भावना विकसित करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने अपनी छंदबद्ध स्वरचित कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

विद्यालय के निदेशक श्री मिथिलेश कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में भारतेंदु हरिश्चंद्र, प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, पंत, दिनकर, निराला, बच्चन और नागार्जुन जैसे साहित्यकारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन साहित्यकारों को यश और सम्मान तो मिला, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों से उन्हें जूझना पड़ा। वहीं वर्तमान समय में कुमार विश्वास, शैलेश लोढ़ा, दिनेश बाबरा और सुरेंद्र शर्मा जैसे कवियों को प्रसिद्धि के साथ आर्थिक समृद्धि भी मिली है। इस अवसर पर उन्होंने कुमार विश्वास की एक कविता का सस्वर पाठ किया, जिसमें सभागार में मौजूद श्रोताओं ने भी उत्साहपूर्वक साथ दिया।
विद्यालय की शिक्षिका प्रीति कुमारी ने गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के विकास, समृद्ध साहित्य और भारतीय समाज में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता पर अपने विचार रखे। साथ ही हिंदी कविता-पाठ, भाषण, कहानी-कथन सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रागिनी कुमारी, प्रशंसा झा, सुनिधि कुमारी, एंजेला नजीर, अंजलि चेतन और रुद्रा पांडे ने काव्य पाठ प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शैक्षिक सलाहकार श्री त्रिभुवन झा ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा को दैनिक जीवन में सम्मानपूर्वक अपनाने का आह्वान किया।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एवं उद्घोषणा विद्यालय के वरिष्ठ हिंदी शिक्षक श्री अनुज कुमार तिवारी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।