गांधी जयंती पर बापू वाटिका पहुंचे राज्यपाल और मुख्यमंत्री, महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि

Spread the love

रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बापू के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास का एक ऐसा महत्वपूर्ण दिन है, जिसे देश कभी नहीं भुला सकता। आज देश की दो महान विभूतियों की जयंती है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी लोग एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास महान विभूतियों के योगदान से समृद्ध रहा है। महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्व ने अपने विचारों और जीवन दर्शन से न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बापू के विचार और उनका जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा। राज्य सरकार महात्मा गांधी के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पित है।

इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई गणमान्य अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बापू के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों से पूरा बापू वाटिका परिसर गुंजायमान रहा। सभी उपस्थित अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

बापू के सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश के साथ गांधी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके विचारों को आत्मसात करने और समाज के समग्र विकास के संकल्प का प्रतीक बना।

Leave a Reply