
रांची: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुए सड़क हादसे के बाद झारखंड परिवहन विभाग ने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने सभी जिलों के उपायुक्तों को मुख्य और सहायक सड़कों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके लिए जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटर वाहन निरीक्षकों की टीमों को अभियान चलाने को कहा गया है।

मंत्री ने कहा कि सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहन यातायात में बाधा डालते हैं और दुर्घटना का खतरा बढ़ाते हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि जहां भी अवैध पार्किंग दिखाई दे, उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।
गैराज, कार वॉशिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।