
रांची: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को रांची स्थित ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के पर्यटन क्षेत्र में योगदान देने वाले पर्यटक मित्रों, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स को सम्मानित किया गया।

पर्यटन, कला-संस्कृति एवं खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि पर्यटक मित्र राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को स्थानीय जानकारी, सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म और रचनात्मक सामग्री के जरिए झारखंड के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले लोग भी पर्यटन को नई पहचान देने में योगदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस का आयोजन झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साझा प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि स्थानीय समुदायों, पर्यटक मित्रों, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र तथा अन्य साझेदारों की सहभागिता से पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।


